करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि 17 जुलाई का दिन देश और हरियाणा के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उनकी जन्मभूमि जींद से शुभारंभ किया जाना प्रत्येक हरियाणावासी के लिए गर्व और आत्मीयता का विषय है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का साक्षी बनने का अवसर उनके सार्वजनिक जीवन के सबसे स्मरणीय और प्रेरणादायी क्षणों में से एक रहेगा।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश आज हरित ऊर्जा, आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता के नए युग की ओर तेजी से अग्रसर है। भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन केवल एक परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प, नवाचार और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में उठाया गया ऐतिहासिक कदम है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
उन्होंने कहा कि इस अवसर के करनाल में सजीव प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन को सुनने तथा इस गौरवपूर्ण पल का साक्षी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही प्रदेश को ₹14,700 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलना हरियाणा के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार और जनकल्याण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित सभी जनप्रतिनिधियों, जनसेवकों, अधिकारियों एवं आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक संकल्प, दूरदर्शी नेतृत्व व जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, असंध विधायक योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के प्रतिनिधि कविंद्र राणा सहित विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के चेयरमैन-चेयरपर्सन, पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में उपस्थित गणमान्य नागरिकों की सहभागिता की भी सराहना की।
परिवहन व्यवस्था को नई दिशा
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ-साथ देश को तकनीकी आत्मनिर्भरता और वैश्विक नवाचार के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
