करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सदर बाजार स्थित दराबी लाइन में मां जगदंबा सेवा संगठन द्वारा आयोजित भव्य मां भगवती जागरण में श्रद्धापूर्वक सहभागिता कर मां भगवती के श्रीचरणों में शीश नवाया। साथ ही प्रदेश एवं नगरवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। इस दौरान पूरा परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। मां के भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि मां भगवती की कृपा और आशीर्वाद से ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा, प्रेम, सद्भाव और सेवा की भावना का संचार होता है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जो समाज को एकता, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि मां जगदंबा से प्रार्थना है कि मां अपनी असीम कृपा समस्त प्रदेशवासियों पर बनाए रखें तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली का आशीर्वाद प्रदान करें। मां की कृपा से समाज में भाईचारा, प्रेम, सद्भाव और धर्म के प्रति आस्था निरंतर प्रगाढ़ होती रहे। हर परिवार सुखी और समृद्ध बने।
महापौर ने आयोजन की भव्य एवं अनुशासित व्यवस्था के लिए मां जगदंबा सेवा संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक समरसता और जनकल्याण की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर शहरी मंडल अध्यक्ष मोहन लोधी, अमित आहूजा, प्रवीण काकू, राहुल भटनागर, सन्नी, मोहित वैद सहित अन्य गणमान्य श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
