रेवाड़ी जिले के गांव धवाना के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल के कुछ शिक्षक लगातार छात्र को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिसके कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों के अनुसार सचिन धवाना स्थित राजकीय विद्यालय में 11वीं कक्षा का छात्र था। उनका आरोप है कि पिछले करीब एक सप्ताह से स्कूल के शिक्षक उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। मंगलवार को भी कथित रूप से शिक्षकों ने उसे बैग उठाकर स्कूल से घर जाने के लिए कह दिया। परिवार का कहना है कि इसी घटना से आहत होकर सचिन ने घर पहुंचने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक सचिन से उसके पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते थे। उनका कहना है कि छात्र से कहा जाता था, “तुम्हारा पिता शराब पीता था, तुम भी वैसे ही बनोगे।” होम वर्क को लेकर परेशान किया जाता था। परिवार का दावा है कि ऐसी टिप्पणियों से सचिन लंबे समय से मानसिक तनाव में था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने स्कूल प्रशासन और शिक्षकों पर संगीन आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है
