रेवाड़ी शहर के मोहल्ला हंस नगर स्थित एक घर में हुए ब्लास्ट मामले में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने मोहल्लेवासियों से बातचीत की और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटना में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। इसके पश्चात उन्होंने जिला उपायुक्त से फोन पर बात की ओर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने कहा कि शहर मे इतनी बड़ी ब्लास्ट की घटना होने के बाद भी सरकार की ओर से जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी इनके आंसू पोछने नहीं आया यह बहुत हैरानी की बात है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से धमाके के कारणों का खुलासा करते हुए फॉरेंसिक रिपोर्ट देने और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई कर पीड़ित पक्ष को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि रेवाड़ी शहर के हंस नगर में गत जुलाई की शाम करीब 5 बजे हंस नगर मोहल्ले में अचानक तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ था। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के मकानों में भी कंपन महसूस किया गया और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। इस हादसे में पूर्व सैनिक सतबीर, उनकी पत्नी मधु, बेटी तन्नू, एक पड़ोसी जयभगवान तथा एक रिश्तेदार गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। आपको बता दे कि इस दर्दनाक ब्लास्ट मामले में गंभीर रूप से झुलसे मकान मालिक एवं पूर्व सैनिक सतबीर ने शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। इससे पहले 8 जुलाई को उनकी बेटी तन्नू की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। इस हादसे में अब मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है
