कुरुक्षेत्र 14 जूलाई। आमजन और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा शिकायतों के त्वरित समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने “आपका केस- आपकी जानकारी” नाम से पुलिस और जनता के बीच भरोसे की नई पहल शुरु की है।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और अनुसंधान अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। नए निर्देशों के अनुसार अब प्रत्येक शनिवार को सुबह 10 बजे से सायं 6 बजे तक जिले के सभी पुलिस थानों में सभी अनुसंधान अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। ताकि आमजन अपने मामलों की जानकारी सीधे संबंधित अधिकारी से प्राप्त कर सकें। इस व्यवस्था के तहत कोई भी नागरिक अपने पुलिस केस, शिकायत, एफआईआर, जांच की प्रगति अथवा थाना स्तर से जुड़े किसी भी मामले की जानकारी लेने के लिए संबंधित थाने में पहुंच सकता है। यदि किसी शिकायत या जांच को लेकर कोई शंका, सुझाव अथवा समस्या है तो उसका समाधान भी मौके पर ही करने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना तथा पुलिस कर्मचारियों की जिम्मेदारी फिक्स करना है।
पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने कहा कि पुलिस जनता की सेवा के लिए है और प्रत्येक नागरिक को अपनी शिकायत की निष्पक्ष एवं समयबद्ध सुनवाई का अधिकार है। प्रत्येक शनिवार को थानों के सभी अनुसंधान अधिकारियों की एक साथ उपस्थिति से लोगों को अपने मामले की वास्तविक स्थिति जानने में सुविधा होगी। उनको जांच संबंधी आवश्यक जानकारी भी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इससे लंबित मामलों की समीक्षा भी नियमित रूप से होती रहेगी और जांच कार्य में गति आएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शनिवार को थाने में आने वाले नागरिकों के साथ विनम्र एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उनकी बात को गंभीरता से सुना जाए तथा शिकायतकर्ता को उसकी शिकायत या मामले के बारे प्रगति और कार्रवाई की जानकारी दी जाए।
