कुरुक्षेत्र, 13 जुलाई। जिला खेल विभाग द्वारा द्रोणाचार्य स्टेडियम कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल कुरुक्षेत्र के कक्षा 6 के छात्र अब्राहम मलिक ने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। अब्राहम ने एक ही दिन में 6 गोल्ड मेडल जीतकर न केवल अपने स्कूल का नाम ऊंचा किया, बल्कि माननीय मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र लाडवा के गांव मेहरा का भी गौरव बढ़ाया है।
द्रोणाचार्य स्टेडियम के स्विमिंग पूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में अब्राहम मलिक ने अपनी तैराकी क्षमता से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने अंडर-12 आयु वर्ग में हिस्सा लेते हुए निम्न स्पर्धाओं में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 50 मीटर फ्री स्टाइल में गोल्ड, 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में गोल्ड, 50 मीटर बटरफ्लाई में गोल्ड, 25 मीटर फ्री स्टाइल में गोल्ड, 25 मीटर बैक स्ट्रोक में गोल्ड मेडल हासिल किया है। इसके अतिरिक्त टीम रिले स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपने कुल मेडलों की संख्या 6 गोल्ड तक पहुंचाई। एक ही दिन में इतने मेडल जीतकर अब्राहम जिले के सबसे कम उम्र के मल्टी-गोल्ड विजेता तैराक बन गए हैं।
समाजसेवी माम चंद ने कहा कि अब्राहम की यह उपलब्धि पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व का विषय है। उसने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है। स्कूल प्रबंधन उसकी इस सफलता पर गर्व करता है और आगे भी हर संभव सहयोग देगा। स्कूल के खेल शिक्षक और तैराकी कोच ने बताया कि अब्राहम पिछले 2 साल से सुबह-शाम नियमित अभ्यास करता है। उसकी लगन और पानी में संतुलन काबिल-ए-तारीफ है।
उन्होंने कहा कि अब्राहम मलिक मामचंद मलिक के पोते हैं, जो कुरुक्षेत्र की लाडवा विधानसभा के गांव मेहरा के स्थाई निवासी हैं। अब्राहम की इस ऐतिहासिक जीत की खबर मिलते ही गांव मेहरा में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामवासियों और परिजनों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को खेलों में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करें। द्रोणाचार्य स्टेडियम में सभी के लिए तैराकी की निशुल्क नर्सरी चलाई जा रही है।
