करनाल, 13 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य 2026 के तहत गणना प्रपत्र भरकर 14 जुलाई तक बीएलओ को अवश्य दें। जो मतदाता इस अवधि तक बीएलओ को अपना फार्म जमा नहीं कराएंगे उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा और उसके लिए उन्हें बार-बार चुनाव कार्यालय के चक्कर काटने पड़ेंगे। उन्होंने अपील की कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार प्रशासन द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य करवाया जा रहा है और इस कार्य में बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाकर डिजिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। इस कार्य में मतदाताओं का सहयोग करने का आह्वान किया।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर आम जनता की जागरूकता के लिए स्वीप कार्यक्रम चलाया जा रहा है। स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एडीसी डॉ. राहुल रईया के कुशल मार्गदर्शन में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग करनाल की ड्रामा पार्टी के कलाकारों द्वारा गांव व शहर के वार्डों में नुक्कड़ नाटक व लोकगीतों के माध्यम से एसआईआर के प्रति मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को डी. ए. वी स्कूल में बच्चों व स्टाफ को जागरूक किया गया। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक व लोकगीतों के माध्यम से बच्चों व स्टाफ को जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक की बच्चों व स्टाफ ने सराहना की। नुक्कड नाटक में डीआई सुमेर पाल, कलाकार गुलाब सिंह, हेमंत शर्मा, संदीप सैनी व अजय ने अहम भूमिका निभाई और दर्शकों की तालियां बटोरीं। संस्थान के प्रधानाचार्य व अन्य अध्यापकों ने कलाकारों का आभार व्यक्त किया। नुक्कड़ नाटक में ड्रामा पार्टी के इंस्पेक्टर सुमेर पाल ने सुपरवाइजर की भूमिका में बच्चों व स्टाफ को गणना प्रपत्र 14 जुलाई तक भरकर वापिस जमा कराने के बारे में प्रेरित किया। इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा भी गांवों में घर-घर और स्कूलों में जाकर बच्चों व अभिभावकों को एसआईआर के प्रति जागरूक किया जा रहा है व गणना प्रपत्र को समय पर भरकर बीएलओ को जमा करवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ECINET मोबाइल ऐप से भी भर सकते है फॉर्म।
जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि मतदाता ECINET मोबाइल एप के माध्यम से भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त बुक ए कॉल सुविधा का उपयोग कर सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।
