-कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा ने प्रधानमंत्री के 17 जुलाई के कार्यक्रम को लेकर की प्रेसवार्ता
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से कुरुक्षेत्र के रेलवे एलिवेटिड ट्रैक-स्टेशन के उद्घाटन और सिख म्यूजियम का करेंगे शिलान्यास
कुरुक्षेत्र, 11 जुलाई। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को प्रदेश के जींद से शुरू करना हरियाणा के लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से हाइड्रोजन ट्रेन के साथ-साथ कई सौगात प्रदेश को देंगे। इसमें कुरुक्षेत्र के रेलवे एलिवेटिड ट्रैक का उद्घाटन और सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी शामिल है।
कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा शनिवार सायं भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन से किसी भी प्रकार का प्रदूषण नहीं होगा, ईंधन की बचत होगी। इस ट्रेन में करीब 800 यात्री एक बार में यात्रा कर सकेंगे। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि इस दिन कुरुक्षेत्र में भी एक कार्यक्रम का आयोजन होगा, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के शिलान्यास किए गए एलिवेटिड रेलवे ट्रैक व स्टेशन का कार्य मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयास से पूरा हो चुका है। इस प्रोजेक्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करके जनता को समर्पित करने वाले हैं। इस ट्रैक पर रेलगाड़ी का ट्रायल व अन्य सभी जरूरी कामों को पूरा कर लिया है।
कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से शहर के लोगों और बाहर से शहर में आने वाले नागरिकों को बहुत बड़ा लाभ होगा। शहर की पांच रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर से रेलवे एलिवेटिड ट्रैक तैयार किया गया है। अब रेलगाड़ी ऊपर की पटरी से होकर गुजरा करेगी और नीचे वाहनों के लिए मार्ग 24 घंटे खुला रहेगा। ऐसा होने से वाहन चालकों को जाम में नहीं फंसना पड़ेगा और सबसे बड़ी बात व्यापार में वृद्धि होगी।
रेलगाड़ी के ट्रायल से ही लोगों में बनी खुशी की लहर : सुभाष सुधा
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से रेलवे एलिवेटिड ट्रैक का उद्घाटन होगा। पिछले 7 सालों से इस ट्रैक को निर्माण चल रहा था। इसके शुरू होने का शहर के नागरिक इंतजार कर रहे थे। रेलगाड़ी के ट्रायल से ही लोगों में काफी खुशी की लहर है। कुरुक्षेत्र में 17 जुलाई को यूनिवर्सिटी में उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शहर के नागरिक इलेक्ट्रिक बसों, ई-रिक्शा और साइकिलों के माध्यम से इस कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए रेलवे ट्रैक व शहर को सजाया जाएगा। सुबह 8 बजे इस कार्यक्रम में शहर के नागरिक पहुंचे। इस कार्यक्रम में रेलवे एलिवेटिड ट्रैक का उद्घाटन होने के साथ-साथ सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी किया जाएगा। जोकि शहर के विकास और इतिहास को चार चांद लगाने का कार्य करेगी। कुरुक्षेत्र धर्मनगरी के साथ-साथ गुरुओं की भूमि रही हैं। इसी संदेश को विश्वभर में पहुंचाने के लिए यहां पर सिख म्यूजियम का निर्माण किया जा रहा है।
