करनाल,11 जुलाई। स्वच्छ भारत मिशन के प्रदेश कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने युवा भाजपा नेता एवं समाजसेवी निशांत शर्मा के कार्यालय में आयोजित “चाय की चर्चा” कार्यक्रम में स्वच्छता को लेकर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वच्छ एवं विकसित हरियाणा के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और अब इस अभियान को जनभागीदारी के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी पूरी गंभीरता से लागू करने की आवश्यकता है।
सुभाष चंद्र ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो स्वच्छ भारत और स्वच्छ हरियाणा का लक्ष्य शीघ्र हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वच्छता को लेकर लगातार गंभीर हैं और प्रदेशभर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। ऐसे में सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भी जिम्मेदारी है कि वे केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित निरीक्षण करें, सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और जहां भी गंदगी, कूड़े के ढेर, जाम नालियां या सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था मिले, वहां तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सुभाष चंद्र ने कहा कि नगर निकाय, पंचायत, स्वास्थ्य और संबंधित विभागों के अधिकारी यदि पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करें, तो प्रदेश के शहरों और गांवों की तस्वीर बदली जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करें और स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करें, सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
युवा भाजपा नेता एवं समाजसेवी निशांत शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वच्छ हरियाणा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता तभी स्थायी बनेगी, जब प्रशासन और आमजन दोनों मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा स्वच्छ हरियाणा-स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की शपथ ली।
