करनाल, 8 जुलाई। मंडल रोजगार कार्यालय परिसर में बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ मंडल रोजगार अधिकारी कुसुम भारद्वाज की उपस्थिति में हुआ। रोजगार मेले में 3 नियोजकों ने सहभागिता रही तथा लगभग 83 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया।
मंडल रोजगार अधिकारी कुसुम भारद्वाज ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा नियोजकों एवं रोजगार की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना रहा। इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर सहायक रोजगार अधिकारी दृष्टि, अध्यापक विक्रम सिंह, सहायक सविता, आंकड़ा सहायक कपिल देव, सहायक जगनन्दन, लिपिक साहिल, रोबिन सिंह, विरेन्द्र सहित अन्य कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
