करनाल, 08 जुलाई। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजबाला मोर की अध्यक्षता में बुधवार को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आंगनवाड़ी सेवाएं, पूरक पोषण कार्यक्रम तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा सहित विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जिला के सभी महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, पोषण संबंधी गतिविधियों में तेजी लाने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान के संबंध में भी सभी आंगनवाड़ी वर्करों, जो बूथ लेवल ऑफिसर के सहयोग में कार्य कर रहे हैं, को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं जागरूकता प्रदान की गई। उन्हें निर्वाचन संबंधी कार्यों का समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। इसके अतिरिक्त, गंभीर कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बाखली एवं चूरमा जैसे स्थानीय एवं पौष्टिक विशेष पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा उनके नियमित फॉलो-अप एवं निगरानी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों, लंबित कार्यों एवं क्षेत्रीय स्तर पर आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी समन्वय एवं सतत फील्ड भ्रमण के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की सभी योजनाएं महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला के सभी महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर तथा विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *