करनाल। नगर निगम में नियमित जनसुनवाई एक बार फिर आम नागरिकों के लिए त्वरित राहत का माध्यम बनी। बुधवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता और आत्मीयता के साथ सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान करवाया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट समयबद्ध निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने सड़क, जल निकासी, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे महापौर के समक्ष रखे। महापौर ने प्रत्येक प्रकरण की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यह ध्यान रखते हुए हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम केवल विकास कार्यों का क्रियान्वयन करने वाली संस्था नहीं, बल्कि नागरिकों के विश्वास का केंद्र है। पूरी कोशिश की जा रही है कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसे यथाशीघ्र राहत मिले।
उन्होंने कहा कि नगर निगम करनाल को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। बेहतर सड़कें, मजबूत जल निकासी व्यवस्था, प्रभावी सफाई प्रणाली, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किए जा रहे हैं।
महापौर ने नागरिकों से भी सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर का विकास केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनता की सहभागिता से ही संभव है। जनता के सुझाव, विश्वास और सहयोग ही करनाल के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। इसी सोच के साथ सभी मिलकर अपने शहर को विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं की नई पहचान दिलाएंगे।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और महापौर के निर्देशानुसार शिकायतों के त्वरित समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *