बाबैन क्षेत्र के गांव लखमड़ी के होनहार पुलिस अधिकारी एवं पंजाब पुलिस में कार्यरत संगरूर के एसपी नवरीत सिंह विर्क को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा डीजीपी डिस्क मेडल से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान संगरूर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रवजोत ग्रेवाल की अनुशंसा पर प्रदान किया गया है। मेडल मिलने की सूचना जैसे ही उनके पैतृक गांव लखमड़ी पहुंची, पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया तथा इसे गांव और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। नवरीत सिंह विर्क ने पंजाब के मुख्यमंत्री के गृह जिला संगरूर के सेवाकाल के दौरान बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनकी कार्यकुशलता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया है। ज्ञात रहे की नवरीत सिंह विर्क को पिछले 3 सालों में 10 बार डीजीपी डिस्क मेडल से सम्मानित किया जा चुका है जो एक बड़ी उपलब्धि है। लखमड़ी के सरपंच सतपाल सिंह, शमशेर जीत सिंह विर्क, शिव कुमार सैनी, जसविन्द्र सिंह ढिल्लों सहित अनेक लोगों का कहना है कि नवरीत सिंह विर्क की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल कर पूरे बाबैन क्षेत्र और गांव लखमड़ी का नाम रोशन किया है। ज्ञात रहे कि नवनीत सिंह विर्क को पिछले तीन वर्षों में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई बार प्रशंसा-पत्र एवं सम्मान भी प्राप्त हो चुके हैं। पिछले 3 वर्षो में 10वीं बार डीजीपी डिस्क मेडल मिलने से उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें इस सम्मान के लिए हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
