कुरुक्षेत्र पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए नशीला पदार्थ रखने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन के कुशल मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने नशीला पदार्थ रखने के आरोपी मोहित उर्फ़ टींका वासी ज्योतिसर जिला कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार करके 250 ग्राम अफीम बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोपी दीपक उर्फ़ जुगनू वासी गोहाना जिला सोनीपत को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिनांक 6 जुलाई 26 को एन्टी नारकोटिक सैल कुरुक्षेत्र प्रभारी उप निरीक्षक सतविन्द्र सिंह के मार्गनिर्देश में उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक संजीव कुमार, मुख्य सिपाही आजाद सिंह, मंदीप सिंह, विक्रम सिंह, सिपाही सचिन व गाड़ी चालक मुख्य सिपाही सुनील कुमार की गांव बिलौचपुर बस स्टॉप पर मौजूद थी। पुलिस टीम को सूचना मिली कि मोहित उर्फ़ टींका वासी ज्योतिसर जिला कुरुक्षेत्र पिहोवा व इस्माईलाबाद एरिया में अफीम बेचने का काम करता है। आज भी मोहित उर्फ़ टींका कुछ देर बाद काफी मात्रा में अफीम लेकर मोटरसाइकिल पर ज्योतिसर से क़स्बा पिहोवा जायेगा। यदि एनएच-152डी पुल के नीचे निगरानी/नाकाबंदी करके मोहित को काबू करके उसकी तलाशी ली जाए तो उससे काफी मात्रा में अफीम बरामद हो सकती है। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-152डी पुल के नीचे नाकाबंदी करके निगरानी शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पुलिस टीम को ज्योतिसर की तरफ से मोटरसाइकिल पर एक युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने शक के आधार पर युवक को रोककर नामपता पूछने पर उसने अपना नाम मोहित उर्फ़ टींका वासी ज्योतिसर जिला कुरुक्षेत्र बताया। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर आरोपी से 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना सदर पिहोवा में मामला दर्ज करके सहायक उप निरीक्षक रणधीर सिंह ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने मामले में आगामी कारवाई करते हुए नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोपी दीपक उर्फ़ जुगनू वासी गोहाना जिला सोनीपत को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दीपक उर्फ जुगनू के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी का एक मामला दर्ज है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया।
