करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रथम करनाल आगमन पर आयोजित गतिविधियों में सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता ने एक नया इतिहास रच दिया। इसे लेकर उत्साहित महापौर ने पूरे आयोजन को सफल बनाने वाले भाजपा परिवार, समस्त सामाजिक संगठनों एवं करनाल की देवतुल्य जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
अपने वक्तव्य में महापौर ने कहा कि करनाल में सर छोटू राम चौक से लेकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, महात्मा गांधी चौक, महाराजा अग्रसेन चौक, मीरा घाटी चौक, अग्रसेन भवन तथा डॉ. मंगल सेन सभागार सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का हर वर्ग के लोगों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण एवं जयघोषों के बीच अभूतपूर्व स्वागत किया। इस दौरान पूरे नगर में उत्साह, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
महापौर ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता वर्षों से संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी कर्मठता, सादगी, समर्पण एवं संगठनात्मक क्षमता के लिए जानी जाती हैं। उनका नेतृत्व हरियाणा भाजपा को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई गति प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में संगठन जनसेवा, सुशासन, अंत्योदय तथा विकास के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगा। साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा।
महापौर ने कहा कि करनाल की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, युवाओं, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा सभी सम्मानित नागरिकों ने जिस आत्मीयता, अनुशासन और उत्साह के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया, वह भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनता के अटूट विश्वास और संगठन की मजबूत जड़ों का प्रमाण है। यह केवल स्वागत समारोह नहीं, बल्कि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनविश्वास का भव्य प्रदर्शन भी था।

सक्रिय सहभागिता बनी मिसाल
सफल आयोजन के लिए महापौर रेणु बाला गुप्ता ने करनाल विधायक जगमोहन आनंद, इंद्री विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, भारत भूषण जुयाल, सतीश गुप्ता, कृष्ण गर्ग, रामकुमार गुप्ता सहित समस्त वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी की सक्रिय सहभागिता ने अलग मिसाल पेश की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *