चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस में प्रदेश प्रभारी के पद पर नियुक्ति के बाद संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संजय सतीश चंद्र दत्त से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे, आगामी रणनीति और प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा को नया प्रदेश प्रभारी दिलाने में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सक्रिय भूमिका रही। पूर्व प्रभारी बीके हरिप्रसाद के कर्नाटक कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद हरियाणा का प्रभारी पद रिक्त हो गया था। इसके बाद हुड्डा ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष जल्द नए प्रभारी की नियुक्ति का मुद्दा उठाया था।
नए प्रभारी की नियुक्ति से पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से अलग-अलग मुलाकात कर हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक हालात और नए प्रभारी की आवश्यकता पर चर्चा की थी। इसके बाद पार्टी हाईकमान ने संजय सतीश चंद्र दत्त को हरियाणा का नया प्रभारी नियुक्त किया।
