करनाल 1 जुलाई, नगर निगम कार्यालय में हरियाणा सरकार द्वारा दी गई ब्याज माफी योजना के दौरान सम्पत्ति कर संग्रहण में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक नगर निगम में 18.17 करोड़ रुपये सम्पत्ति कर जमा हुआ है। इस अवधि में बड़ी संख्या में सम्पत्ति मालिकों ने सरकार द्वारा दी गई ब्याज माफी योजना का लाभ उठाते हुए अपना बकाया सम्पत्ति कर जमा करवाया है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा 15 मई 2026 से 30 जून 2026 तक सम्पत्ति कर पर ब्याज माफी की विशेष छूट प्रदान की गई थी। इस अविध में 12477 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक कर जमा करवाया, जिसके परिणामस्वरूप नगर निगम को 12 करोड़ 21 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई।
ब्याज माफी योजना से बढ़ा राजस्व संग्रह।
निगमायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा दी गई इस राहत का उद्देश्य अधिक से अधिक सम्पत्ति धारकों को बकाया कर जमा करने के लिए प्रोत्साहित करना था। नगर निगम ने भी नागरिकों की सुविधा के लिए अवकाश के दिनों में नागरिक सुविधा केंद्र खोलने की व्यवस्था की, ताकि करदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि छूट के अंतिम दिनों में करदाताओं की भारी भीड़ रही तथा केवल 30 जून को ही 2 करोड़ 54 लाख रुपये सम्पत्ति कर जमा हुआ, जो नागरिकों की सकारात्मक भागीदारी को दर्शाता है।
अब बकायादारों पर होगी कार्रवाई।
उन्होंने ने स्पष्ट किया कि 1 जुलाई से सम्पत्ति कर की बकाया राशि जमा कराने वाले करदाताओं से 1.5 प्रतिशत प्रतिमाह की दर से ब्याज वसूला जाएगा। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा बड़े बकायादारों की सूची तैयार की जा रही है तथा शीघ्र ही ऐसे बकायादारों की सम्पत्तियों को सील एवं अटैच करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
सम्पत्ति धारकों से जल्द कर जमा कराने की अपील।
निगमायुक्त ने सभी सम्पत्ति धारकों से अपील करते हुए कहा कि जिन नागरिकों का सम्पत्ति कर अभी भी बकाया है, वे बिना किसी देरी के नगर निगम कार्यालय अथवा एनडीसी हरियाणा पोर्टल पर ऑनलाईन माध्यम से अपना सम्पत्ति कर जमा कर दें। उन्होंने कहा कि समय पर सम्पत्ति कर जमा करने पर कार्रवाई होने से बचा जा सकता है।
