करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक समृद्धि उसके नागरिकों को मिलने वाली बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से मापी जाती है। मानव सेवा के उद्देश्य से स्थापित होने वाले स्वास्थ्य संस्थान समाज के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं और ऐसे प्रयास जनकल्याण की भावना को सशक्त बनाते हैं।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने ये विचार बुधवार को राधे कृष्णा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल एवं ट्रॉमा सेंटर के शुभारंभ समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। उन्होंने अस्पताल के शुभारंभ पर पार्षद प्रतिनिधि संजीव पाल, मुकुल सिंगला, डॉ. अमित बर्मा तथा अस्पताल के समस्त चिकित्सकों, प्रबंधन एवं टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही भगवान श्रीराम की पावन प्रतिमा भेंट कर अस्पताल की जनसेवा यात्रा के सफल, मंगलमय एवं निरंतर प्रगतिशील रहने की कामना की।
महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के मूल्यों के साथ जरूरतमंद एवं पीड़ित लोगों को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इस क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का समाज के प्रति विशेष दायित्व होता है।
उन्होंने भगवान श्रीराम के श्रीचरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य संस्थान निरंतर मानव सेवा के अपने पवित्र उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए हजारों लोगों के जीवन में नई आशा और विश्वास का संचार करे तथा करनाल को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाए।
समारोह के दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने शहर के चिकित्सकों, गणमान्य नागरिकों एवं उपस्थित अतिथियों से आत्मीय भेंट कर उनसे संवाद भी किया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन के उज्ज्वल भविष्य और जनहित में निरंतर सेवा कार्यों के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
