पानीपत। शहर की गंगाराम कालोनी निवासी 30 वर्षीय युवक सूरज की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। उसका शव खुर्दे के अंदर पड़ा मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूरज के गले पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सूरज की पत्नी मधू ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या उसके ही कुछ दोस्तों ने की है। मधू ने बताया कि सूरज शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घर से अपना ई-रिक्शा लेकर निकला था। इसके बाद उसका परिवार से कोई संपर्क नहीं हुआ। देर शाम सूचना मिली कि उसका शव खुर्दे के अंदर पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिवार ने शव की पहचान सूरज के रूप में की।
परिजनों का कहना है कि सूरज का कुछ लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था। पत्नी का आरोप है कि उन्हीं लोगों ने सुनियोजित तरीके से उसके पति की हत्या की है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपितो की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
