अम्बाला, 29 जून। शिव सेना हिन्द के राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपक शांडिल्य ने अम्बाला शहर के कुम्हार मोहल्ला स्थित पुलिस पोस्ट नंबर-3 के पीछे बने श्री खाटू श्याम मंदिर के सामने नगर निगम द्वारा कूड़ा डंप किए जाने पर कड़ा रोष व्यक्त किया है।
दीपक शांडिल्य ने कहा कि श्री खाटू श्याम मंदिर हिंदू समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर के ठीक सामने कूड़ा डालना करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कार्य है तथा धार्मिक स्थल की गरिमा का खुला अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के संबंधित अधिकारियों एवं कूड़ा उठाने वाले ठेकेदार की लापरवाही के कारण मंदिर के सामने गंदगी का ढेर लगा दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (एसपी) अम्बाला एवं थाना प्रभारी, अम्बाला शहर को लिखित शिकायत सौंपते हुए मांग की है कि मंदिर के सामने कूड़ा डंप करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध तुरंत कानूनी कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही मंदिर के सामने से तत्काल प्रभाव से कूड़ा हटाकर इस स्थान को डंपिंग प्वाइंट के रूप में उपयोग करना हमेशा के लिए बंद किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे।
दीपक शांडिल्य ने कहा कि किसी भी धर्मस्थल के सामने इस प्रकार कूड़ा डालना किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो हिंदू समाज इस विषय पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होगा।
उन्होंने बताया कि शिकायत के साथ घटना के फोटो एवं वीडियो भी पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराए गए हैं।
