दादा खेड़ा परिसर में शिवलिंग स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुईं महापौर
संत-महात्माओं से लिया आशीर्वाद, भंडारे में श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया प्रसाद
करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने रविवार को पिंगली रोड स्थित गुरु नानक पुरा पार्ट-2 के दादा खेड़ा परिसर में आयोजित शिवलिंग स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के श्रीचरणों में नमन करके दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और भक्तिमय वातावरण के बीच महापौर ने देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि भगवान शिव की आराधना मानव जीवन में श्रद्धा, संयम, करुणा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को नई मजबूती प्रदान करते हैं। शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में आस्था, संस्कार और सद्भाव को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती हैं और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का माध्यम बनती हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता, सेवा और आध्यात्मिक चेतना को भी नई दिशा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों से आत्मीय भेंट कर उन्हें सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत उन्होंने पावन भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
महादेव से जनकल्याण की प्रार्थना
महोत्सव में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने भगवान महादेव से प्रार्थना करते हुए कहा कि देवाधिदेव महादेव समस्त प्रदेश एवं देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें। साथ ही सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशहाली का संचार करें।
