करीब 4.5 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण कार्य जारी, नागरिकों को सुरक्षित, आधुनिक एवं सुविधाजनक सड़क होगी उपलब्ध।
करनाल 28 जून, नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने शनिवार सायं शहीद उधम सिंह चौक से मेरठ रोड (आउटर बाईपास रोड) तक निर्माणाधीन सड़क का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा, सलाहकार महीपाल सिंह तथा संबंधित अभियंता उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने निर्माण कार्य की गतिविधि का अवलोकन किया और अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग मानकों एवं निर्धारित तकनीकी नियमों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक टिकाऊ एवं सुरक्षित सड़क उपलब्ध हो सके।
कनिष्ठ अभियंता करें प्रतिदिन निरीक्षण, बेहतर सुपरविजन से सुनिश्चित करें गुणवत्ता।
निगमायुक्त ने कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि कनिष्ठ अभियंता प्रतिदिन निर्माण स्थल का दौरा करें तथा कार्य की नियमित निगरानी करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य का सुपरविजन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए। साथ ही कार्यकारी अभियंता स्वयं भी समय-समय पर निरीक्षण करें और प्रत्येक चरण की समीक्षा करें।
4.5 किलोमीटर लंबी सड़क पर विकसित होंगी स्मार्ट सुविधाएं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 7.92 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। सड़क के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ इस परियोजना के अंतर्गत पौधारोपण, लैंडस्केपिंग, फुटपाथ निर्माण, जेब्रा क्रॉसिंग, कैट आई व रोड सेफ्टी मार्किंग आदि सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे सड़क न केवल आधुनिक बनेगी बल्कि सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल भी होगी।
सैंपल की करवाएं जांच, निर्माण एजेंसी पर रखें सख्ती।
उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री एवं प्रत्येक लेयर के सैंपल की समय-समय पर गुणवत्ता जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी से निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराया जाए तथा किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को संकेत दिए कि सड़क निर्माण कार्य का दोबारा भी शीघ्र औचक निरीक्षण किया जाएगा तथा गुणवत्ता एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
कार्यकारी अभियंता ने निगमायुक्त को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सड़क की एक ओर वाटर बाउंड मकेडम (WBM) तथा डेंस बिटूमिन मकेडम (DBM) की लेयर डाली जा चुकी है तथा अब बिटूमिन कंक्रीट (BC) की अंतिम लेयर डाली जानी शेष है। वहीं सड़क की दूसरी ओर नूर महल होटल चौक से मेरठ रोड तक वाटर बाउंड मकेडम की लेयर पूरी कर ली गई है। इस पर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि डाली गई वाटर बाउंड मकेडम लेयर पर नियमित एवं पर्याप्त मात्रा में पानी का छिड़काव किया जाए, ताकि लेयर उचित रूप से सेट हो सके और सड़क की मजबूती एवं गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहे।
जनहित में बेहतर एवं टिकाऊ आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता।
निरीक्षण के अंत में निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सड़क निर्माण जैसे विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करते हुए इसे निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, आधुनिक एवं सुविधाजनक सड़क उपलब्ध हो सके।
