करनाल, 26 जून। बच्चों में छिपी प्रतिभा को उभारने व उनके सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल भवन में 30 जून तक ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू चौधरी ने बताया कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर में 5 से 14 वर्ष तक के बच्चों को योग्य प्रशिक्षकों द्वारा आर्ट एंड क्राफ्ट मुकेश शर्मा, योगा क्लास गुंजन, नृत्य रायना एवं अबेकस गरिमा भारद्वाज द्वारा सिखाई जा रही है। इस वर्ष शिविर में बच्चों की गतिविधियों के अलावा लड़कियों एवं महिलाओं के लिए फैशन डिजाइनिंग एवं ब्यूटी केयर की भी गतिविधि को सम्मिलित किया गया है जिसमे महिलाएं बढ़-चढ़ कर भाग ले रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर की सभी गतिविधियों में अभी तक जिला के लगभग 200 बच्चों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। ये रुचि-कक्षाएं बाल भवन के प्रांगण में प्रात: 9.00 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक लगाई जा रही हैं। शिविर में प्रत्येक बच्चा अपनी रूचि के अनुसार किसी भी गतिविधि में भाग लेकर खेल- खेल में अपनी प्रतिभा को निखार रहा है। शिविर में आने वाले सभी बच्चों को अल्पाहार दिया जाता है तथा शरबत की छबील लगाई गई।
उन्होंने बताया कि इस ग्रीष्मकालीन शिविर की सभी गतिविधियों में करो और सीखो से छोटे-छोटे बच्चे आनंद उठा रहे हैं और 30 जून को शिविर का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमे शिविर की सभी गतिविधियों में भाग ले रहे प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आज आयोजित शिविर में भारत विकास परिषद की सूरज शाखा दारा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास हेतु एक प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बच्चों को राष्ट्रगान के महत्व के बारे में बताया गया। इस मौके पर संस्था की प्रधान डॉ. मीना अरोड़ा, सचिव प्रीति कुकरेजा, प्रेम मेहता, कृष्ण अरोड़ा, महेश शर्मा, हर्ष सेठी एवं प्रो. आर.के. गोड उपस्थित रहे। बच्चों को आत्म सुरक्षा की जानकारी के लिए एक विशेष जागरूकता कैंप लगाया गया जिसमे सुनील कुमार कोच ताइक्वांडो एवं ऋषि कुमार कोच एथलीट ने बच्चों को अपनी सुरक्षा हेतु विभिन्न गुर सिखाये। शिविर में आने वाले सभी बच्चों को अल्पाहार दिया गया तथा शरबत की छबील लगाई गई। सूरज शाखा एवं सुनील कुमार व ऋषि कुमार द्वारा अल्पाहार दिया गया। आज तक शिविर में 194 से अधिक बच्चों ने भाग लिया हैं।
जिला बाल कल्याण अधिकारी ने बताया कि निजी स्कूलों के बच्चों के समान ही सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले, बाल गृहों के बच्चे तथा झुग्गी-झोपडिय़ों में रहने वाले बच्चों को इन शिविरों में आकर अपनी रुचि अनुसार प्रतिभा को निखारने-सवांरने का अवसर दिया जा रहा है।
डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि वे इस शिविर में अपने बच्चों को उनकी रूचि की गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग दिलवाएं व उनके बचपन का आनंद उठाने व सर्वांगीण विकास करने में उनके सहायक बनें, जिससे कि ज्यादा से ज्यादा बच्चे जिला बाल कल्याण परिषद्, करनाल द्वारा आयोजित इस ग्रीष्मकालीन शिविर का पूरा लाभ उठा सकें।
