डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को जल्द समाधान के दिए निर्देश
करनाल, 25 जून। डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। समाधान शिविरों के प्रति आम जनता का विश्वास बढ़ा है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह निर्णय आम जनता की समस्याओं के निराकरण करने का कारगर मंच साबित हुआ है।
डीसी डॉ आनंद कुमार शर्मा वीरवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित शिविर में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला मुख्यालय सहित सभी उपमंडल स्तरों पर आज आयोजित समाधान शिविरों में 11 शिकायतें आईं जिनमें करनाल मुख्यालय पर 6, नीलोखेड़ी, घरौंडा व असंध उपमंडल पर एक-एक तथा इंद्री उपमंडल पर दो शिकायतें प्राप्त हुईं। समाधान शिविर के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पडें।
ये आई समस्याएं
करनाल मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में भवंती बिजली मीटर लगवाने, सूरजभान गांव डाचर में निजी मालिकाना भूमि में अवैध खुदाई और तालाब के गंदे पानी की पाइपलाइन दबाने के प्रयास की शिकायत लेके, कमलेश रानी धोखे से रजिस्ट्री करवाने की शिकायत, रविंदर कुमार गांव खेड़ा में पंचायती गली व पंचायती नाले पर अवैध कब्जा करने व बरसाती पानी को रोकने की शिकायत, तेजपाल फसल उजाडक़र जबरन जमीन पर कब्जे की शिकायत, सरबजीत कौर मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने की समस्या लेकर आए। इसी प्रकार नीलोखेड़ी उपमंडल में बीरबल पीपीपी में आयु सत्यापन के लिए आए। इंद्री उपमंडल में सुषमा नगरपालिका की गली के सामने से गेट हटवाने और गुरमीत सिंह गांव कलरी जागीर खालसा में रास्ता नंबर 35/12/1/1 में निकासी पाइपलाइन दोनों तरफ व पूरा करवाने की शिकायत लेकर आए। घरौंडा उपमंडल में मिंटू बिजली निगम से संबंधित शिकायत लेकर आए। वहीं असंध में रितु पीपीपी में माता-पिता का नाम ठीक करवाने के लिए आईं।
