पंचकूला। नगर निगम पंचकूला की फिक्स्ड डिपॉजिट में जमा जनता की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले 150 करोड़ के बहुचर्चित कोटक महिंद्रा बैंक घोटाले में हरियाणा विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने 9 आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है।

जांच में सामने आया है कि बैंक अधिकारियों और निगम के अकाउंट्स विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर ऐसा जाल बुना कि सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये फर्जी खातों में पहुंचते रहे और किसी को भनक तक नहीं लगी। कोर्ट में पेश की चार्जशीट में कोटक महिंद्रा बैंक की सेक्टर-11 शाखा के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर एवं मास्टरमाइंड पुष्पेंद्र सिंह समेत 9 को आरोपित बनाया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह पूरा खेल वर्ष 2018 से चल रहा था।

निगम के नाम पर ही खोल दिए फर्जी खाते

नगर निगम पंचकूला की 16 एफडी में 145 करोड़ से अधिक की राशि जमा थी। फरवरी में कुछ एफडी मैच्योर हुईं तो बैंक द्वारा उपलब्ध कराए दस्तावेजों और निगम के रिकॉर्ड में अंतर मिला। यहीं से करोड़ों के घोटाले का पर्दाफाश शुरू हुआ।
एसीबी की जांच में खुलासा हुआ कि पुष्पेंद्र सिंह और निगम के सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर विकास कौशिक ने मिलकर निगम के नाम से दो फर्जी बैंक खाते खोल दिए। इसके बाद असली खातों से सरकारी धन फर्जी खातों में ट्रांसफर किया जाता रहा और फिर कई निजी खातों के जरिए रकम को ठिकाने लगाया गया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *