कुरुक्षेत्र। ग्लोबल इवेंट्स आॅगेर्नाइजेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष एडवोकेट मधुसूदन बवेजा ने बताया कि 25 जून को निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर रेड रोड स्थित नागपाल नर्सिंग होम के नजदीक जलजीरा की छबील लगाई जाएगी। इस आयोजन में समाजसेवी दलबीर मलिक, सन्नी गुप्ता और स्थानीय मार्केट के दुकानदारों का विशेष सहयोग रहेगा। छबील के माध्यम से आने-जाने वाले राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं आमजन को शीतल जलजीरा वितरित किया जाएगा। एडवोकेट बवेजा ने कहा कि निर्जला एकादशी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इस दिन जल सेवा और जरूरतमंदों को पेय पदार्थ वितरित करना पुण्य का कार्य माना जाता है। भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को ठंडा एवं ताजगी भरा पेय उपलब्ध कराने का उद्देश्य समाज सेवा की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी इस पुनीत कार्य में सहयोग करने और अधिक से अधिक लोगों तक सेवा पहुंचाने का आह्वान किया। ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
