कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए ठंडे पानी की छबील लगाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान एवं कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने गुरु अर्जुन देव जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और शीश नवाकर किया। इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर के बाहर राहगीरों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं आमजन को शीतल जल वितरित कर सेवा और मानवता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का बलिदान सत्य, सेवा, त्याग और धार्मिक सहिष्णुता का अमर प्रतीक है। उनका जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, परोपकार और मानव कल्याण के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए।
कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को शीतल जल पिलाना सबसे बड़ा मानव धर्म है। गुरु अर्जुन देव जी की शहादत हमें निस्वार्थ सेवा, करुणा और मानवता के लिए समर्पित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी से जरूरतमंद लोगों की सेवा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वित्त अधिकारी अशोक ग्रोवर, डॉ. रजनीश सिंह, उप कुलसचिव अतुल गोयल, नवप्रीत सिंह, कीमती लाल, दिवाकर बंसल, अमित कुमार सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने छबील सेवा में सहयोग करते हुए बड़ी संख्या में राहगीरों को शीतल जल वितरित किया।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *