कुरुक्षेत्र, 23 जून : श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का अनुसरण करते हुए श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत समाज सेवा, सहयोग एवं भाईचारे की भावना से अन्न सेवा कर रही है। महाराजा अग्रसेन रसोई के अंतर्गत साया के सहयोग से अखंड विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
मंगलवार को भी श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत एवं साया के तत्वावधान में समाजसेवी एवं वरिष्ठ अग्रबंधु प्रवीण गर्ग द्वारा श्रद्धा एवं सेवा भाव से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में राहगीरों, यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के दौरान भी संस्था सदस्यों द्वारा समाज में सेवा, सहयोग एवं भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। गणमान्य व्यक्तियों ने प्रवीण गर्ग द्वारा किए गए इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान विशाल सिंगला, कुलवन्त गर्ग, नवीन बंसल, गौरव मित्तल, सुमित मित्तल, सचिन अग्रवाल, सुरेश गोयल सहित पंचायत के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने भंडारे की व्यवस्था में सहयोग करते हुए लोगों की सेवा की। पंचायत के पदाधिकारियों ने प्रवीण गर्ग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज हित में इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए, जिससे सेवा, सद्भावना एवं सामाजिक एकता को बल मिलता है। कार्यक्रम का समापन सभी के सुख, समृद्धि एवं समाज की उन्नति की कामना के साथ हुआ।
