करनाल, 22 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर डाक विभाग करनाल एवं मेरा युवा भारत करनाल के संयुक्त तत्वावधान में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन योगा फॉर हेल्दी एजिंग थीम के साथ किया गया जिसमें डाक विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण, मेरा युवा भारत करनाल के स्वयंसेवक तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधीक्षक डाकघर करनाल पंकज कुमार मीणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 250 प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योग आसनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर पंकज कुमार मीणा ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनाव मुक्त रह सकता है तथा बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
जिला युवा अधिकारी अंजली चौधरी ने कहा कि योग युवाओं से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक सभी के लिए उपयोगी है। योग हमें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक शांति बनाए रखने और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायता करता है। मेरा युवा भारत का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए ऐसे जनभागीदारी कार्यक्रमों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में डाक विभाग एवं मेरा युवा भारत करनाल की टीम ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग के महत्व को समझते हुए स्वस्थ जीवन एवं समाज निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
