करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने सोमवार को निगम के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ चाय पर चर्चा एवं सौहार्दपूर्ण भेंट कर उनके अनुभवों और सुझावों को सम्मानपूर्वक सुना। आत्मीयता और सम्मान से भरपूर कार्यक्रम में वरिष्ठजनों ने नगर निगम के कार्यों, शहर के विकास तथा जनसेवा से जुड़े अपने बहुमूल्य विचार साझा किए।
इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता और निरंतर प्रगति में वरिष्ठ एवं अनुभवी कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उनके अनुभव, कार्यशैली और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम परिवार के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा दिए गए सुझाव शहर के विकास और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए उपयोगी साबित होंगे।
महापौर ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्मचारियों का अनुभव समाज और संस्थाओं के लिए उतना ही महत्वपूर्ण रहता है। ऐसे संवाद न केवल आपसी संबंधों को मजबूत बनाते हैं, बल्कि विकास के नए आयामों को भी दिशा प्रदान करते हैं।
सभी का जताया आभार
महापौर ने सभी वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन नगर निगम के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में विचारों का आदान-प्रदान हुआ। सभी ने नगर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने की भावना व्यक्त की।
