पंचकूला। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में राज्यस्तरीय योग समारोह होगा। यहां करीब 10 हजार लोग योगा करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्यातिथि के तौर पर शामिल होंगे।
सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आयोजन प्रबंधन को लेकर व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की गई हैं। एसीपी विक्रम नेहरा ने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 10 हजार लोग एक साथ योग अभ्यास करेंगे। इस आयोजन में हरियाणा पुलिस और आईटीबीपी के जवान भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में विदेशी मेहमानों की भी भागीदारी रहेगी, जिनकी सुविधा और समन्वय के लिए विशेष रूप से लायजन ऑफिसरों की नियुक्ति की गई है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को प्रभावी बनाए रखने के लिए लगभग 200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जबकि पंचकूला पुलिस के 500 जवान योग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सुरक्षा कारणों से परेड ग्राउंड में किसी भी प्रकार का बैग लाने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिभागी अपने साथ केवल एक पानी की बोतल लेकर प्रवेश कर सकेंगे। बसों के माध्यम से आने वाले योग प्रतिभागियों के लिए सेक्टर-5 स्थित निक बेकर के पीछे धरना स्थल पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वहीं अन्य प्रतिभागियों, स्टाफ और कर्मचारियों के वाहनों के लिए सेक्टर-4 स्थित सरकारी कार्यालयों के सामने निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत शुक्रवार को सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में योग रिहर्सल की गई
इस दौरान अधिकारियों ने भी योग अभ्यास कर तैयारियों का जायजा लिया। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा तथा डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने पुलिस बल के साथ-साथ जिले के नागरिकों से भी योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
