कुरुक्षेत्र, 20 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि 21 जून को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर नीट की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 1980 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा परीक्षार्थियों की सुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई हैं।  संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
उन्होंने कहा कि एसडीएम शाहाबाद शंभू राठी को परीक्षा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 7 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जिनमें से 2 को रिजर्व रखा गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे प्रारंभ होगी, इसलिए परीक्षार्थी समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, ताकि प्रवेश जांच एवं फ्रिस्किंग की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि सभी परीक्षार्थी बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल शांति नगर,कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र, एनआईटी, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय मथाना, यूआईईटी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में परीक्षा केन्द्र बनाए गए है। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज के जीएम 21 जून के दिन रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के लिए सुबह 10 बजे ही स्पेशल बस शुरू करें ताकि परीक्षार्थियों को सेंटर तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पडे। इसी तरह परीक्षा समाप्त होने पर परीक्षार्थियों को सेंटर से रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर वापिस पहुंचाने का प्रबंध किया गया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निट परीक्षा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केन्द्रों के आस पास ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाएं ताकि आमजन व परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *