अंबाला। बलदेव नगर क्षेत्र की जग्गी कालोनी में आधी रात को अज्ञात युवकों द्वारा तीन कारों के शीशे तोड़ने का मामला सामने आया है।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में जग्गी कालोनी फेस-1 निवासी राहुल थरेजा ने बताया कि 3 जून की रात उनकी कार समेत पड़ोस में खड़ी तीन गाड़ियों को निशाना बनाया गया।
अगले दिन सुबह जब वह घर से बाहर निकले तो उनकी कार और पड़ोसियों की दो अन्य गाड़ियों के शीशे टूटे मिले। शिकायतकर्ता ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें 4 जून तड़के करीब 3:30 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक गली में आते दिखाई दिए।
फुटेज में युवक गाड़ियों पर पत्थर मारते नजर आए, जिससे वाहनों के शीशे टूट गए। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि आरोपित वाहनों से सामान चोरी करने की नीयत से आए थे, लेकिन किसी कारणवश वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी बलदेव नगर में शिकायत दी।
