संवाददाता, अंबाला शहर। राह चलते लोगों को गिट्टियां खेलने के बहाने रोकना और फिर भीड़ का फायदा उठाकर सोने की चैन गायब कर देना। यह किसी फिल्मी कहानी का हिस्सा नहीं, बल्कि एक अंतरराज्यीय चैन स्नेचिंग गिरोह का तरीका था, जिसका अंबाला पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस मामले में गिरोह के पांचवें सदस्य को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित हरजोत, रोली, थाना मेहना, जिला मोगा, पंजाब का रहने वाला है। इससे पहले मुख्य आरोपित जगमीत को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी, जिसमें उसने अपने अन्य साथियों के नाम उजागर किए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित सड़क किनारे गिट्टियां खेलने का नाटक करते थे और नकली भीड़ जुटाई जाती थी। राहगीरों को खेल में शामिल होने के लिए उकसाया जाता था। जैसे ही व्यक्ति का ध्यान खेल की ओर जाता, गिरोह के अन्य सदस्य आसपास भीड़ जमा कर देते। इसी दौरान मौका पाकर आरोपित गले से सोने की चैन तोड़कर फरार हो जाते थे।
कई बार पीड़ित को काफी देर बाद पता चलता था कि उसके साथ वारदात हो चुकी है। मामला 21 मई का है, जब शिवालिक कालोनी निवासी मुकुल की रेजिंटा होटल के पास सोने की चैन चोरी कर ली गई थी। शिकायत के बाद जांच सीआइए-02 को सौंपी गई थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और मोटरसाइकिल बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में लूट और चैन स्नेचिंग के करीब छह मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपित जगमीत और हरजोत को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
