अंबाला : देशभर के स्कूल प्रिंसिपलों के सबसे बड़े संगठनों में शामिल ऑल इंडिया प्रिंसिपल एसोसिएशन ने सुप्रीम कोर्ट एवं पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट व काउंसिल ऑफ लॉयर्स के चेयरमैन एडवोकेट वासु रंजन को संगठन का चीफ लीगल एडवाइजर नियुक्त किया है। यह महत्वपूर्ण नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नवदीप भारद्वाज द्वारा की गई है। बता दें एसोसिएशन के साथ लगभग 65 हज़ार स्कूलों के प्रिंसिपल जुड़े हुए है ।
इस संबंध में जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि शिक्षा क्षेत्र में बढ़ती कानूनी चुनौतियों, स्कूलों के प्रशासनिक मामलों, शिक्षा नीतियों से जुड़े विवादों तथा प्राइवेट और सरकारी शिक्षण संस्थानों के समक्ष आने वाली विभिन्न कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए एडवोकेट वासु रंजन की सेवाएं ली जाएंगी। वह संगठन के राष्ट्रीय स्तर पर कानूनी मामलों का मार्गदर्शन करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न न्यायालयों और सरकारी मंचों पर भी संगठन का पक्ष रखेंगे।
ऑल इंडिया प्रिंसिपल एसोसिएशन वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों के एक हजार से अधिक स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रिंसिपलों का प्रतिनिधित्व कर रही है। संगठन शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों और प्रिंसिपलों के अधिकारों, निजी स्कूलों की समस्याओं तथा शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक सुधारों के लिए कार्य कर रहा है।
आईपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नवदीप भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और नई शिक्षा नीति, विभिन्न सरकारी नियमों, मान्यता संबंधी प्रक्रियाओं, शुल्क नियमन, सेवा शर्तों और प्रशासनिक मामलों को लेकर स्कूलों को अनेक कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में एक सक्षम और अनुभवी कानूनी सलाहकार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि एडवोकेट वासु रंजन का न्यायिक एवं विधिक क्षेत्र में व्यापक अनुभव है। वे सुप्रीम कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों की पैरवी कर चुके हैं तथा सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी मजबूती से उठाते रहे हैं। उनके संगठन से जुड़ने से देशभर के प्रिंसिपलों और शिक्षण संस्थानों को एक मजबूत कानूनी मंच मिलेगा।
डॉ. भारद्वाज ने बताया कि 20 जून को देहरादून में ऑल इंडिया प्रिंसिपल एसोसिएशन का राष्ट्रीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से हजारों प्रिंसिपल, स्कूल संचालक, शिक्षाविद, शिक्षा विशेषज्ञ और सामाजिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसी समारोह में एडवोकेट वासु रंजन की औपचारिक ताजपोशी की जाएगी संगठन के सैंकड़ों सदस्य उन्हें सम्मानित करेंगे ।
20 जून को देहरादून में होने वाले कार्यक्रम में एडवोकेट वासु रंजन हजारों प्रिंसिपलों एवं शिक्षाविदों को संबोधित भी करेंगे। अपने संबोधन में वे शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कानूनी अधिकारों, स्कूलों के समक्ष आने वाली चुनौतियों तथा उनके समाधान पर अपने विचार रखेंगे। नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एडवोकेट वासु रंजन ने ऑल इंडिया प्रिंसिपल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नवदीप भारद्वाज, राष्ट्रीय कार्यकारिणी तथा देशभर के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा यह नियुक्ति मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। देश के प्रिंसिपल और शिक्षक राष्ट्र निर्माण के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका अतुलनीय है।
एडवोकेट वासु रंजन ने कहा कि स्कूलों और प्रिंसिपलों को कई बार ऐसे मामलों का सामना करना पड़ता है, जहां उचित कानूनी सलाह के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उनका प्रयास रहेगा कि संगठन के माध्यम से देशभर के शिक्षण संस्थानों को समय पर कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाए और उनकी समस्याओं को संबंधित मंचों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा केवल एक व्यवस्था नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।
