कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में शिक्षकों के लिए योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। योग विभाग की प्रोफेसर डॉ. शीलत सिंगला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों एवं कर्मचारियों को योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया।
प्रो. शीलत सिंगला ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का भी आधार है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों को योग प्रोटोकॉल की सही जानकारी और अभ्यास होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय परिसर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह पूर्वक मनाया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी भाग लेंगे। योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर उप कुलसचिव विकास शर्मा, सहायक प्रोफेसर डॉ. मोहित शर्मा, डॉ. शंभू दयाल, सहायक प्रदीप सैनी सहित अन्य उपस्थित रहे।
