करनाल। जापान की राजधानी टोक्यो और ओसाका शहर में 19 से 24 जून तक आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 के लिए बुधवार को हरियाणा से उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल में करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता सहित अन्य गणमान्य जन शामिल हैं, जो इस वैश्विक आध्यात्मिक आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए गीता ज्ञान की अलख जगाएंगे।
विदेशी धरा पर यह अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित किया जा रहा है। वृहद स्तरीय आयोजन के संचालन एवं समन्वय का दायित्व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड एवं विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों का है।
वहीं, विदेश प्रस्थान से पूर्व महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन दर्शन को विश्व मंच पर स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जापान जैसे विकसित देश में गीता का पावन संदेश प्रस्तुत होना पूरे भारत वर्ष के लिए गर्व का विषय है। वस्तुतः गीता का दर्शन विश्व शांति और मानवता का आधार है।
गीता दिखाती कर्म का मार्ग
महापौर रेणु बाला गुप्ता और भाजपा के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता कर्म, कर्तव्य और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाती है। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द महाराज के मार्गदर्शन में यह आयोजन निश्चित रूप से विश्व शांति और मानव कल्याण के संदेश को और अधिक सशक्त करेगा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भी विश्वास जताया कि यह आयोजन भारत-जापान सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और भारतीय आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान प्रदान करेगा।
विविधतापूर्ण होगा महोत्सव
उल्लेखनीय है कि महोत्सव के दौरान श्रीमद्भगवद्गीता पर आधारित प्रवचन, भजन संध्या, कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीता संगोष्ठी तथा आध्यात्मिक संवाद जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य है कि भारतीय दर्शन, कर्मयोग और गीता के शाश्वत संदेश को वैश्विक समुदाय तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।
