करनाल, 17 जून। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज घरौंडा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जन कल्याण शिविर में इंद्री के विधायक एवं मुख्य सचेतक रामकुमार कश्यप मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने इस मौके पर पिछले 12 सालों में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही लोगों से 21 जून को योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की।
श्री कश्यप ने सर्वप्रथम स्कूल परिसर में पौधारोपण किया। इसके बाद विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राष्ट्रीय गीत व दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इस अवसर पर केंद्र सरकार की 12 साल की मुख्य उपलब्धियों पर डाक्यूमेंट्री दिखाई गई। विधायक श्री कश्यप ने कहा कि यह व्यवस्था परिवर्तन का नतीजा है कि आज केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं का समाज के विभिन्न वर्गों, खासकर गरीबों को फायदा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना के तहत देश में 58.15 करोड़ खाते खोले गए हैं। लाभार्थियों के खाते में 45 लाख करोड़ की राशि स्थानांतरित की गई है। पीएम उज्ज्वला योजना के तहत 10.57 करोड़ महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन देकर उन्हें धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है।
मुख्य सचेतक ने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम किसान निधि, जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराने, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता आदि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 12 साल पहले भारत अर्थव्यवस्था के मामले में 11वें नंबर पर था लेकिन अब प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में चौथे नंबर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि 2047 तक राष्ट्र एक नंबर पर होगा।
श्री कश्यप ने राज्य सरकार द्वारा आरंभ की गई दयालु योजना पर भी प्रकाश डाला। बताया कि एक लाख 80 हजार रुपये सालाना आय वाले परिवार में 6 से 60 साल तक की आयु वाले किसी सदस्य की मृत्यु होने पर सरकार की ओर से योजना के तहत 5 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से 21 जून को योग करने और इसे दैनिक चर्या में शामिल करने, रात के भोजन और सुबह के नाश्ते में 12 से 14 घंटे का अंतर रखने की अपील की। कहा कि ऐसा करने से बीमारियां नजदीक नहीं आएंगी।
इससे पहले पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी ने भी केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। घरौंडा पालिका चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता ने भी इस मौके पर विचार रखे। स्कूल प्राध्यापिका तेजिंदर कौर ने आगंतुकों का धन्यवाद किया।
इस मौके पर एसडीएम राजेश सोनी, पालिक सचिव रवि प्रकाश शर्मा, प्रिंसिपल इंद्रजीत कालिया, प्राध्यापिका रितु मान, भाजपा जिला महासचिव सुभाष कश्यप, उपाध्यक्ष दीपक, मंडल अध्यक्ष नरेश कैमला आदि मौजूद रहे।
