करनाल, 16 जून। जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल के अध्यक्ष पराग गाबा ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा जारी संगठनात्मक निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी यह आधिकारिक पत्र संगठनात्मक अनुशासन, बेहतर समन्वय और कार्यकर्ताओं की एकजुटता सुनिश्चित करने की दिशा में एक दूरदर्शी एवं महत्वपूर्ण कदम है।
पराग गाबा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में आयोजित होने वाले किसी भी धरने, प्रदर्शन, रैली अथवा राजनीतिक कार्यक्रम से पूर्व संबंधित जिला कांग्रेस अध्यक्ष के माध्यम से प्रदेश कार्यालय से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त सभी कार्यक्रमों में उपयोग होने वाले बैनर, पोस्टर एवं प्रचार सामग्री में नेताओं के चित्र संगठनात्मक वरिष्ठता और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक विशाल जनआंदोलन और विचारधारा आधारित संगठन है, जिसकी वास्तविक शक्ति उसकी एकता और अनुशासन में निहित है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी ये दिशा-निर्देश संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि पार्टी के कार्यक्रम अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं उद्देश्यपूर्ण ढंग से संचालित हों।
पराग गाबा ने कहा कि हाल के समय में विभिन्न स्तरों पर समन्वय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा उठाया गया यह कदम संगठनात्मक संस्कृति को और अधिक मजबूत करेगा। इससे पार्टी के सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एक मंच, एक बैनर और एक साझा रणनीति के तहत कार्य करेंगे, जिससे संगठन की ताकत और प्रभावशीलता दोनों में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सामूहिक नेतृत्व और सामूहिक जिम्मेदारी में विश्वास रखती है। जब संगठन के सभी घटक आपसी संवाद और निर्धारित व्यवस्था के तहत कार्य करेंगे तो जनता के मुद्दों को अधिक मजबूती से उठाया जा सकेगा तथा पार्टी की आवाज अधिक प्रभावी ढंग से प्रदेशभर में पहुंचेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) करनाल प्रदेश नेतृत्व के सभी निर्देशों का पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करेगी। साथ ही सभी ब्लॉक अध्यक्षों, प्रकोष्ठों, विभागों, अग्रणी संगठनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया गया है कि वे संगठनात्मक अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
पराग गाबा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी यह निर्देश केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं बल्कि संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती प्रदान करने वाला निर्णय साबित होगा, जिससे कांग्रेस पार्टी प्रदेश में जनहित के मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से जनता के बीच उठाने में सफल होगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *