असंध/ करनाल , 16 जून। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को बीडीपीओ कार्यालय सभागार, असंध में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने बतौर मुख्य अतिथि किया। यह जनकल्याण शिविर 18 जून तक आयोजित किया जाएगा।
शिविर में पहुंचने पर एसडीएम सुमित सिहाग ने विधायक योगेंद्र राणा का स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।
इस दौरान विधायक योगेंद्र राणा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखते हुए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव देशभर में देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन योजना का लाभ मिल रहा है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से सहायता राशि उनके खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है और वैश्विक स्तर पर देश की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है।
विधायक ने कहा कि हरियाणा सरकार भी केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से आह्वान किया कि जनकल्याण शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं नागरिक : एसडीएम
एसडीएम सुमित सिहाग ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से जोड़ना तथा पात्र लाभार्थियों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं।कार्यक्रम के दौरान एसडीएम सुमित सिहाग ने विधायक योगेंद्र राणा को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरपर्सन सुनीता, तहसीलदार नवजीत कौर, बीडीपीओ उमेद सिंह, नगरपालिका सचिव प्रदीप कुमार, नायब तहसीलदार राधेश्याम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाक्स
इन विभागों ने लगाए स्टाल
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, पशुपालन विभाग, श्रम विभाग, खंड विकास एवं पंचायत विभाग तथा नगरपालिका असंध सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
