कुरुक्षेत्र, 13 जून। माध्यमिक शिक्षा विभाग की संयुक्त निदेशक हरप्रीत कौर ने गत दिवस बारना स्थित सुपर 100 सेंटर का दौरा कर केंद्र की कार्यप्रणाली एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार का सुपर 100 कार्यक्रम आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को आईआईटी, जेईई, नीट तथा अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, आवास, भोजन एवं शैक्षणिक सहायता प्रदान करता है।
इस निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक हरप्रीत कौर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, कक्षा शिक्षण, अध्ययन वातावरण, आवासीय सुविधाओं तथा भोजन व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर मेहनत करने तथा सुपर 100 कार्यक्रम द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से केंद्र के संचालन संबंधी फीडबैक भी प्राप्त किया तथा कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु सुझाव आमंत्रित किए। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि सुपर 100 ने उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दिशा दी है तथा उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है।
हरप्रीत कौर ने कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान दे रहे सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुपर 100 कार्यक्रम राज्य के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी इंदु कौशिक, प्रोग्राम ऑफिसर अमनप्रीत कौर, विकल्प के संस्थापक अध्यक्ष नवीन मिश्रा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक, प्रदीप सन्सानवाल, राजन गुडल सहित विकल्प की टीम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने भी सुपर 100 कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं अवसरों के लिए शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक हरप्रीत कौर ने किचन एवं डाइनिंग एरिया का भी निरीक्षण किया तथा स्वच्छता (हाइजीन) के उच्च मानकों को बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, प्राथमिक उपचार (फस्र्ट एड) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, मेडिकल आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक प्रबंध रखने तथा फायर सेफ्टी मानकों का पूर्णत: पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने केंद्र परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। साथ ही विद्यार्थियों की शिकायतों एवं सुझावों के त्वरित निस्तारण के लिए स्टूडेंट ग्रीवांस रजिस्टर नियमित रूप से संधारित करने तथा प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
संयुक्त निदेशक हरप्रीत कौर ने हरियाणा सुपर 100 के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि सुपर 100 कार्यक्रम हरियाणा सरकार की एक महत्वाकांक्षी एवं अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आईआईटी, नीट तथा अन्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उच्च गुणवत्ता की नि:शुल्क कोचिंग, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यह कार्यक्रम राज्य के हजारों विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पिछले वर्षों में सुपर 100 के विद्यार्थियों ने आईआईटी, एनआईटी, सरकारी मेडिकल कॉलेजों एवं देश के अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर हरियाणा का नाम गौरवान्वित किया है। यह कार्यक्रम शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा सरकार की एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में स्थापित हुआ है।
