लाडवा, 13 जून। एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा के रामशरण माजरा में राजकीय कॉलेज की इसी सत्र से शुरुआत की है। कॉलेज का इसी सत्र से शुरू होना युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। कॉलेज में बीए व बीकॉम में दाखिला की प्रक्रिया चल रही है। इन विषयों के लिए कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून है। उन्होंने लाडवा क्षेत्र के पार्षदों और सरपंचों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने अपने क्षेत्र में युवाओं को कॉलेज में दाखिले के लिए जागरूक करे।
उन्होंने कहा कि इस सत्र की कक्षाओं को शुरू करने के लिए प्रशासन ने अपनी व्यवस्था तैयार कर ली है। अब बाबैन क्षेत्र के विद्यार्थियों को कहीं दूर जाकर पढ़ाई करने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट इसकी पूरी जानकारी दी गई है। विद्यार्थी एडमिशन के लिए पोर्टल के माध्यम से सीधा ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन के समय कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, कोई भी एक सरकारी पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, हस्ताक्षर, जाति और आय प्रमाण पत्र जरूरी है। इसके अलावा मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी सहित अन्य मांगी गई जानकारी को उपलब्ध करवाना होगा।
