कुरुक्षेत्र,13 जून । महानिदेशक आयुष हरियाणा के निर्देशानुसार, हरियाणा योग आयोग के तालमेल से एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी कुरुक्षेत्र डॉ. मंजू शर्मा के दिशा-निर्देशन में एसएमबी गीता स्कूल, कुरुक्षेत्र में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर एसएमबी गीता स्कूल की ओर से दिनांक 3 जून 2026 को प्रारंभ किया गया था, जिसका समापन 17 जून 2026 को होगा।
योग भारती कुरुक्षेत्र योग संस्थान की ओर से विभाग संयोजक डॉ. जगतार सिंह तथा आयुष विभाग की ओर से आयुष योग सहायक दीक्षा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 140 आचार्य भाग ले रहे हैं। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को योग के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पक्षों की जानकारी दी जा रही है।
डॉ. जगतार सिंह ने बताया कि आयुष विभाग की ओर से दिनांक 11 जून से 13 जून 2026 तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सामान्य योग प्रोटोकॉल का विशेष प्रशिक्षण रखा गया, जिसके अंतर्गत प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, मकरासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया गया।
उन्होंने कहा कि अध्यापक समाज में योग के सबसे प्रभावशाली संवाहक होते हैं। यदि शिक्षक स्वयं योग को अपनाएंगे तो विद्यार्थियों एवं समाज में भी योग के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ेगी। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अध्यापकों को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक ज्ञान से सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने संस्थानों में योग संस्कृति को और अधिक बढ़ावा दे सकें। इस समापन दिवस पर सभी आचार्यों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा अपने दैनिक जीवन में नियमित योग को अपनाने का संकल्प लिया।
