हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने आज अपने रेवाड़ी स्थित निवास पर SIR यानि मतदाता गहन पुनरीक्षण के लिए बैठक का आयोजन किया गया। कांग्रेस नेता कैप्टन अजय यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए BLO-2 एवं SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची में संशोधन के लिए फॉर्म-7 तथा अपात्र एवं फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-8 के संबंध में लोगों को जागरूक करें और पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें। इस मौके पर रेवाड़ी कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुभाष छाबडी, पूर्व अध्यक्ष हरीश सैनी, बीर सिंह प्रजापत, धनीराम, शकुंतला भाडोरिया, ज्ञानी उर्फ राजेश यादव, देवकीनंदन, मुकेश ठाकुर, डालचंद इतियादी मौजूद रहे
कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में फर्जी वोटों और मतदाता सूची में होने वाली अनियमितताओं पर नजर रखना आवश्यक है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के प्रहरी हैं और उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तत्काल संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र और संविधान गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश को विकास और सामाजिक सौहार्द के मार्ग पर आगे ले जाने के बजाय पीछे धकेलने का काम किया गया है। महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता लगातार बढ़ी है।
कैप्टन अजय यादव ने कहा कि किसान अपनी फसलों के उचित मूल्य के लिए संघर्ष कर रहा है, मजदूर रोजगार और सम्मानजनक आय के लिए परेशान है, व्यापारी आर्थिक मंदी और बढ़ते दबाव से जूझ रहा है तथा देश का नौजवान बेरोजगारी से त्रस्त है। आम जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने में लगी हुई है। कैप्टन अजय सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करे और जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों तथा विचारधारा को मजबूती से पहुंचाए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *