कुरुक्षेत्र, 11 जून। शीला नगर स्थित सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप का समापन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ। 1 जून से 10 जून तक चले इस शिविर में बच्चों और युवाओं ने विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में प्रतिभागियों ने अपने अभिभावकों के समक्ष सीखी हुई प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। शिविर के दौरान बच्चों को गायन, वादन, वेस्टर्न डांस, सेमीक्लासिकल डांस तथा आर्ट एंड क्राफ्ट की बुनियादी शिक्षा दी गई। कार्यक्रम में केंद्र के खूबसूरत परिधानों से सजे बच्चों ने नृत्य, संगीत और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों ने खूब सराहा।
केंद्र के शिक्षक अमरजीत सिंह तथा अतिथि शिक्षकों अदिति, सुनैना और ध्वनि ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिविर के दौरान बच्चों द्वारा किए गए प्रयासों और उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने बच्चों को कला के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन के महत्व की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र के सदस्यों द्वारा बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुति और शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए केंद्र की गतिविधियों की प्रशंसा की। केंद्र प्रबंधन ने बताया कि 12 जून से महिलाओं के लिए दस दिवसीय विशेष नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न नृत्य शैलियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
