करनाल, 12 जून। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि हमारी सोच तरक्की की होनी चाहिए। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक इसी सोच के साथ कार्य कर रहे हैं। पीएम के सशक्त नेतृत्व के कारण आज जहां दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है वहीं संस्कृति भी मजबूत हुई है। पूरी दुनिया प्रधानमंत्री के नेतृत्व का लोहा मानती है।
रास्तों व संपर्क सडक़ का उद्घाटन
श्री कल्याण आज गांव पिंगली और घोघड़ीपुर में रास्तों व संपर्क सडक़ का उद्घाटन करने के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पिंगली में घोघड़ीपुर रोड से पवन के फार्म तक पंचायती राज विभाग की ओर से बनाए गए रास्ते का उद्घाटन किया। इस पर 14.40 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसी प्रकार घोघड़ीपुर में जिला परिषद की ओर से नरू खेड़ी तक 3.32 किमी लंबी सडक़ के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया। इस पर 93 लाख रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने इसी गांव में मंडी बोर्ड की ओर से पिंगली तक 2.53 किमी लंबी संपर्क सडक़ का उद्घाटन किया। इस पर 116.70 लाख की लागत आई है। दोनों गांवों में श्री कल्याण का पगड़ी पहनाकर, स्मृति चिह्नï देकर व पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।
बच्चों की शिक्षा पर करें फोकस
श्री कल्याण ने कहा कि विकास केे लिए गांव का माहौल अच्छा होना जरूरी है। ग्रामीण पार्टीबाजी से दूर रहें। बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें। यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहे। पर्यावरण संतुलन के लिए अधिकाधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल भी करें।
व्यवस्था बदलाव के नतीजतन नौकरियां मेरिट पर
उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में घरौंडा क्षेत्र ने काफी तरक्की की है। इस अवधि में कई नए प्रोजेक्ट आए हैं। भविष्य में भी इलाके को और आगे ले जाना है। विकास के कारण ही भावी पीढ़ी का भविष्य उज्जवल होता है। आज जरूरत है बच्चों में मेहनत के संस्कार डालने की, वे अच्छी शिक्षा ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि इस सरकार में पारदर्शिता बढ़ी है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किए गए व्यवस्था परिवर्तन की बदौलत आज युवाओं को मेरिट पर नौकरी मिल रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जनहित के कार्यों को गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।
दुनिया में बढ़ी भारत की साख
बाद में पत्रकारों द्वारा पूछे गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल संबंधी एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अक्टूबर में श्री मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने जा रहे हैं। पहले गुजरात में मुख्यमंत्री रहते सुशासन की स्थापना की, फिर पीएम पद संभालने के बाद देश को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। सशक्त नेतृत्व के कारण आज जहां दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है वहीं संस्कृति भी मजबूत हुई है। पूरी दुनिया प्रधानमंत्री के नेतृत्व का लोहा मानती है। सभी मिलकर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
गांव पिंगड़ी में जिला भाजपा महामंत्री सुभाष कश्यप, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, जिला पार्षद पाला राम, ब्लाक समिति चेयरमैन सतीश, बीडीपीओ सार्थक, घोघड़ीपुर में सरपंच संगीता, अशोक, कमलेश मान आदि मौजूद रहे।
