कुरुक्षेत्र, 11 जून। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.ए. (बिजनेस एंड इकोनॉमिक्स एनालिटिक्स) (3 वर्षीय) अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विभागाध्यक्ष प्रो. दारा सिंह ने बताया कि यह रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम विद्यार्थियों को अर्थशास्त्र, व्यवसाय प्रबंधन, डेटा विश्लेषण तथा उद्योग की वंास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। एईडीपी मॉडल के अंतर्गत विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ उद्योगों में व्यावहारिक प्रशिक्षण और कार्यानुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी भी संकाय से 10$2 या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र हैं। कार्यक्रम में कुल 40 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि विभिन्न श्रेणियों के लिए 19 सुपरन्यूमैरेरी सीटों का भी प्रावधान किया गया है।
प्रो. दारा सिंह ने बताया कि इस रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों को अर्थशास्त्र, व्यवसाय अध्ययन और डेटा एनालिटिक्स का अंतर्विषयक ज्ञान प्रदान किया जाएगा। पाठ्यक्रम के तीसरे वर्ष में विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों एवं उद्योगों में अप्रेंटिसशिप का अवसर मिलेगा, जिसके दौरान उन्हें प्रति माह 12,000 रुपये तक का स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त होगा और उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताओं में एनईपी-2020 आधारित पाठ्यक्रम, इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग, तृतीय वर्ष में अप्रेंटिसशिप, कौशल आधारित प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं उद्योगों से सीधा जुड़ाव शामिल हैं। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को आधुनिक अर्थव्यवस्था और डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया की समझ विकसित करने में भी सहायक होगा।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिग्री के साथ उद्योग-अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकसित कर सकें। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में हरियाणा राज्य में ऐसे उद्योग-संलग्न एवं कौशल आधारित कार्यक्रमों को बढ़ावा देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर 21 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
