करनाल, 11 जून : श्री श्याम बालाजी दर्शन सेवा समिति की ओर से गुरुवार को चार दिवसीय धार्मिक बस यात्रा का शुभारंभ बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को राजस्थान और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। वहीं करनाल जिले से सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन के लिए रवाना होने वाली यह पहली बस यात्रा है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष प्रमोद मंगला तथा श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नारियल फोडक़र किया। बस रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समिति अध्यक्ष प्रमोद मंगला ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को दिल्ली खाटू श्याम धाम, जयपुर, श्रीनाथजी मंदिर, सालासर बालाजी, श्री खाटू श्याम व सांवरिया सेठ मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चार दिनों की इस यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए रहने, खाने की व्यवस्था समिति की ओर से की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रमोद मंगला ने बताया कि समिति पिछले कई वर्षों से नि:स्वार्थ भाव से धार्मिक यात्राओं का आयोजन कर रही है। समिति द्वारा समय-समय पर श्रद्धालुओं को खाटू श्याम धाम, मेहंदीपुर बालाजी, वृंदावन तथा अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्राएं करवाई जाती रही हैं। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धार्मिक पर्यटन नहीं बल्कि लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में धार्मिक यात्राएं लोगों को मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं। तीर्थस्थलों के दर्शन से व्यक्ति के विचारों में शुद्धता आती है तथा समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव की भावना को बल मिलता है। धार्मिक यात्राएं नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस अवसर पर रेनू मंगला, जतिन मंगला, जोगिंद्र, अमन गोयल, संजू गोयल, संजीव मित्तल सहित अनेक श्रद्धालु एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
