फरीदाबाद। प्रदेश सरकार की ओर से भेजे गए नोटिस को लेकर अब मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने भी अपना जवाब शहरी स्थानीय निकाय को भेज दिया है। मेयर ने जवाब में कहा कि सरकार की से जब तारीख निश्चित की जाएगी तो फाइनेंस कमेटी, डिप्टी मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर का चुनाव करवा लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि तारीख तय करने को लेकर मंडलायुक्त को सरकार की ओर से निर्देश जारी होने चाहिए। अब देखना है कि मेयर के जवाब के बाद सरकार का क्या रूख रहता है।
सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को भी नियुक्त करेंगे
पार्षदों के चुनाव के डेढ़ साल बाद भी फाइनेंस कमेटी और सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव नहीं होने पर प्रदेश सरकार ने मेयर और 46 पार्षदों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था।
सरकार ने फाइनेंस कमेटी और सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव नहीं होने का कारण पूछा था।
इसके साथ ही यह भी चेतावनी दी थी कि अगर नगर निगम की ओर से इस प्रक्रिया का पालन जल्द नहीं करवाया गया तो वह खुद ही फाइनेंस कमेटी गठित कर देंगे।। इसके साथ ही सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को भी नियुक्त कर देंगे।
पार्षदों ने मेयर और आयुक्त को ठहराया था जिम्मेदार
नोटिस का जवाब देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री के समर्थक 34 पार्षदों ने कहा था कि मेयर और आयुक्त की वजह से अभी तक फाइनेंस कमेटी का गठन नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि सदन की बैठक में डिप्टी मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर सहित फाइनेंस कमेटी का भी गठन होना था। सभी पार्षद नगर निगम सभागार में मौजूद थे।
मेयर और आयुक्त ही बैठक में नहीं पहुंचे। इसकी वजह से चुनाव नहीं हो पाया। इसके साथ ही पार्षदों ने हाईकोर्ट जाने की भी चेतावनी दी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री के समर्थक पार्षदों ने अपना जवाब देते हुए कहा कि फाइनेंस कमेटी के गठन को लेकर निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं हो पाया।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विकास को लेकर किसी भी तरह की कमी नहीं है। मेयर उनकी सभी समस्याओं का समाधान करवा देती हैं।
“नोटिस का जवाब हमारी तरफ से भी भेज दिया गया है। सरकार जिस दिन तारीख तय करेगी। सभी प्रक्रियाओं का पालन करवा दिया जाएगा। सभी पार्षद एकजुट होकर शहर के विकास में सहयोग देंगे।”
-प्रवीण बत्रा जोशी, मेयर, फरीदाबाद।
