अंबाला। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मंगलवार को अंबाला सेंट्रल जेल पहुंचे। यहां उन्होंने जेल में बंद आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला से मुलाकात की। दीपक सिंगला को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 18 मई 155 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।
तीनों नेता कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच अपने काफिले के साथ करीब 3 बजकर 28 मिनट पर सेंट्रल जेल पहुंचे और करीब 30 मिनट तक दीपक सिंगला से मुलाकात की और उनका हालचाल जाने के बाद 3 बजकर 58 मिनट पर बाहर निकल गए। मुलाकात के दौरान जेल प्रशासन द्वारा सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। वरिष्ठ नेताओं के जेल पहुंचने की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्सुकता देखी गई।
मुलाकात के उपरांत अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और आतिशी अपने काफिले के साथ वापस रवाना हो गए। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान हेलीकॉप्टर से अंबाला पुलिस लाइन में पहुंचे थे जबकि केजरीवाल और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी अपने-अपने काफिले के साथ अंबाला दोपहर करीब 3 बजे पहुंच गए थे। तीनों पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एक साथ पहुंचे और बाद में यहां से एक साथ सेंट्रल जेल के लिए रवाना हुए थे। सुरक्षा कारणों के चलते मीडिया कवरेज पर भी रोक लगाई गई थी।
